Saturday, August 28, 2010

पत्र संख्या-22

हाजीपुर, जहानाबाद, 20. 3. 96। 

प्यारे बाबा,

हम क्षुद्र लोग हैं। कूपमंडूक हैं। अज्ञानता ही संबल है। आप शुभेच्छु हैं, मेरे लिए आपकी चिन्ता लाजमी है। आप तत्वदर्शी हैं, त्रिकालदर्शी भी। बाप रे! एक ही डूबकी में मेरा भूत, वर्त्तमान और भविष्य तीनों खोज लाना और उसे पूरे सज-धज के साथ बयान करना साधारण कार्य नहीं है। काबिलेतारीफ है। यह मामूली खत नहीं है, एक पूरा घोषणा-पत्र है। कदम-कदम पर चेतावनी, एक से बढ़कर एक नसीहतें और आखिर में मेरी समाप्ति की भविष्यवाणी। आप भाग्य-विधाता हैं, इससे आपकी शोभा में चार-चांद लगता है। नामवर जी को आग फूंक चुकी है। उनमें आप जैसी अकलियत कहां? आपकी बुद्धि की बारूद और गोलन्दाजी के सामने वे नहीं ठहर सकेंगे। हम जैसे लोग उनके पीछे भागें, यह बड़ा संगीन अपराध है, आप चुप न बैठ सकें, यह उचित है। हम जैसे लोगों से कोई उम्मीद बांधे इस पर भरोसा नहीं करता। हंसी जरूर आती है। ताज्जुब भी होता है। फिर भी एक-आध अक्ल का दुश्मन निकल भी आये तो आप जैसा तेज-तर्रार स्कॉलर उसके भ्रम का निवारण नहीं कर पायेगा, ऐसा सोचना पाप होगा। एक विनती है। आप उसे एक चिट्ठी कम-से-कम पोस्ट तो कर ही सकते हैं। इस तरह मैं बैठे-बिठाये एक बड़े भारी कर्ज से मुक्त हो जाऊंगा।

मैं हमला करने में दक्ष नहीं हूं। विश्वास भी नहीं रखता। भाल-रक्षा तो प्राणीमात्र का धर्म है। आशा है जब-तब इसी तरह कृतार्थ करते रहेंगे, बस...।
आपका
अमरेन्द्र

Friday, August 27, 2010

पत्र संख्या-21

मीठापुर, पटना-1.

सेवा में,
आदरणीय,
संपादक महोदय, लोक दायरा!
मैंने आपकी प्रतिष्ठित पत्रिका देखी, देखकर बहुत ही प्रसन्न हुई, बहुत ही नई चिजें (चीजों) को आपने इस पत्रिका में स्थान दिया। इसके लिए मैं आपको धन्यवाद देती हूं। मैं भी थोड़ा बहुत लिख लिया करती हूं। इसलिए मैं सोची की (कि) आपकी पत्रिका में अपनी रचना भेजूंगी। पत्र मिलते ही पत्र लिखने का कृपया कष्ट करेंगे। इसके लिए मैं आपकी आभारी रहूंगी। धन्यवाद सहीत (सहित) आपकी
प्रिति कुमारी
हाउस ऑफ चंद्रकला देवी (रेलवे कार्यरत)
नियर-अर्जुन महतो,
भरतलाल टेन्ट हाउस रोड, ‘मीठापुर’, पटना-1

पत्र संख्या-20

हैदराबाद, 4.5.02।

प्रिय भाई राजू जी,
धीरे-धीरे यहां सब ठीक हो रहा है। आज काम किए सप्ताह भर हो गए। सोमवार को प्रेस कार्ड बन जाएगा। मतलब नौकरी पक्की हुई। पर यहां मन जरा भी नहीं लगता। दूसरे दिन ही लौटने को सोचा था। पैसा 5 के उपर (ऊपर) नहीं दे रहा था पर लगता है अब छः के उपर (ऊपर) देगा। मेरी मांग 8 है। ज्यादा दिन यहां नहीं रहा जा सकता। एक कमरा लिया है 600 में। आगे घर लूंगा तो बेबी को लाने की सोचूंगा। मेरे काम से सभी संतुष्ट हैं यहां। बिहार-यूपी के बहुत लड़के हैं। मेरी ड्यूटी 10 से शाम 7 तक है। संपादकीय पेज और फीचर मिला है देखने को। शुरू में अंग्रेजी अनुवाद पर बहस हो गयी थी संपादक से। खूब भाषण पिलाया था उसे फिर भी रख लिया। लगता है उसे मेरी जरूरत थी। बेबी-सोनू की खबर लेंगे। गट्टू कैसा है? आपलोगों की काफी याद आती है।
कुमार मुकुल

Wednesday, August 25, 2010

पत्र संख्या-19

हैदराबाद, 17.9.02।

प्रिय भाई।
यहां सब ठीक है। आप तो ठीक हैं ही। होमियोपैथी डिग्री छः महीने में मिल जाएगी तो पहले यहीं साथ-साथ क्लिनिक खोल दूंगा। कुछ जम जाएगा तो धीरे-धीरे पटना शिफ्ट करूंगा। बाकी लेखन भी चल रहा है। यों स्टार फीचर में साल भर में काफी विकास हो सकता है। बच्चों के लिए एक पत्रिका निकालने की बात आज कह रहा था। फीचरवाला बोला-आपको संपादक बना देंगे। अगर काम बढ़ता है तो आप भी मन बनाए रखिएगा। कुछ दिन..... बेबी से मेरा मैट्रिक, एम. ए. व होम्योपैथी वाले सर्टीफिकेट का फोटो स्टेट जरूर लाने को कहिएगा। गट्टू को कहिएगा पत्र देने को।

आपका
कुमार मुकुल

Tuesday, August 24, 2010

पत्र संख्या-18


हैदराबाद, 19.6.02।
 
प्रिय भाई राजू जी,
नमस्कार।
आपका दूसरा कार्ड मिला। मैंने इस बीच तस्लीमा का साक्षात्कार भेजा जो मिल गया होगा। अंक (लोक दायरा का) दे दिया यह अच्छा किया। जुलाई में मैं या मदन जी आएंगे पटना तो अंक दे देंगे। मदन जी जाएंगे तो आप उनसे भी भेज देंगे। यहां सब चल रहा है। वहां आप चंद्रेश्वर विद्यार्थी जी को एक बार फोन पर मेरा नमस्कार कहेंगे और पता करेंगे कि वे किसी अखबार पत्रिका को ज्वायन किये या नहीं। उनका नंबर है-293979-उनसे बोरिंग रोड जाने पर संभव हो तो मिलिएगा भी। कुमार किशोर को तो आप जानते ही हैं उन्हें भी फोन करेंगे और उनका डेरे का पता लेकर मुझे भेजेंगे। उनका नंबर है-682076। लोक दायरा के बिक्री में कुमार किशोर जी की मदद भी ले सकते हैं। बेबी 26 जून तक आ जाएगी पटना। सोनू का ख्याल रखिएगा। गट्टू का क्या हाल है? मैडम के हाथदर्द की दवा मिली या नहीं? गट्टू के नानाजी को नमस्कार कहेंगे।
आपका
कुमार मुकुल

पत्र संख्या-17

हैदराबाद, 29.8.02।

प्रिय भाई राजू जी,
आशा है सानंद होंगे। मैं भी ठीक हूं। दो कमरे का एक मकान लिया है, भीड़-भाड़ से थोड़ा बाहर प्रकृति की गोद में 1500 में। परिवार को जल्द ही बुलाना होगा-देखें कबतक कैसे होता है। अनुवाद का भी कुछ काम मिलनेवाला है, अलग से। त्रिवेन्द्रम होमियो मिशन को कार्ड डाला था जवाब आ गया है। वहां का भी कोर्स साल भर में कर लूंगा। हमारे फीचर को आज ही हिन्दी के सबसे बड़े अखबार ‘दैनिक भास्कर’ की ओर से साल भर का आर्डर मिला है। आफिस में सब कुछ भला सा है। जो चाहता हूं वही लिखता हूं। पर नियमित। इस तरह बच्चों व किशोरों के लिए कुछ किताबें लिख सकूंगा यहां रहकर। एक कविता मोदी के खिलाफ ‘हंस’ को भेजी है। गट्टू कैसा है? मोती और मैडम? मोती की क्या योजना है?

कुमार मुकुल

Sunday, August 22, 2010

पत्र संख्या-16

हैदराबाद, 26.12.02।
 
प्रिय भाई राजू जी,
नमस्कार।
यहां सब पूर्ववत चल रहा है। कंपनी थोड़ी लड़खड़ा रही है। पेमेन्ट किश्तों में और देर से हो रहा है। यूं आश्वस्त किया जा रहा है कि यह संकट एक-दो माह का है। जो भी हो आप क्या कर रहे हैं? ‘लोक दायरा’ क्या प्रेस में गया ? मोती को पीछे लिखा होमियोपैथी संस्थान का पता दे देंगे। यह नया पता है। और यहां सब ठीक है। बेबी, बच्चे ठीक हैं। गट्टू कैसा है ? मैडम की दवा तो आप ला दिए होंगे-सेनेशिया-क्यू। पत्र देंगे। अन्य साहित्यिक गतिविधि लिखेंगे। अपना भी।
कुमार मुकुल