Saturday, August 14, 2010

पत्र संख्या-8


सिकरहुला, कारिया, बेगूसराय, 30.10.03।
 
प्रिय महोदय,
 
आपका आलेख अक्तूबर ‘03 हंस।
इतिहास और अतीत के बारे में, अकादमिक तौर पर शायद पहली दफा और वह भी, बिल्कुल सहज तरीके से लिखा ऐसा आलेख पढ़कर जी खुश हो गया। आपसे यही उम्मीद थी। (चूंकि पटना के बौद्धिक वर्ग का एक अस्थायी सदस्य होने के नाते, अपनापन तो लगता ही है)! ज्यादा बावेला तब मचता, जब आपने बौद्धिक माफियाओं की उन स्थापनाओं को सप्रमाण, सोदाहरण ध्वस्त किया होता जिन पर उन्होंने अपने वैचारिक कंगूरे खड़े कर रखे हैं। एक कोई चंद्रभान प्रसाद (भाया-सहारा दैनिक) हैं, वह अंग्रेजी से शिक्षा को, दलितोद्धार का एक मंत्र मानता है। इस पर तो एक दो पेजी चिट्ठी हंस को दे रहा हूं। पर और भी हैं, एक कोई श्योराज सिंह हैं, बाल्मीकि, या फिर मुस्लिम धार्मिक पर्सनल लॉ (पर्सनल मामलों की पर्सनल पंचैती) के पहरुए!
अतीत का उपयोग करके ही ऐसे मठाधीशों ने अपनी दुकान चला रखी है। जो इतिहास में जायें तब तो कोई बात ही नहीं बचेगी। पर, सवाल ये भी है कि, इतिहासकारों की खेमाबंदी का क्या होगा, जो खुद भी अलग विचारधाराओं पर आश्रित हैं-विचारधाराओं को बढ़ावा देते हैं। ताजा प्रकरण NCERT  का है। शेष पुनः।
आपका
मयंक

Friday, August 13, 2010

पत्र संख्या-7

लोहियानगर, कंकड़बाग, पटना-20, 21. 8. 03।

राजू भैया
प्रणाम।

जभी घर से लौटा तभी आपकी चिट्ठी मिली-बहुत सुखद लगा। यह मेरे जैसे ‘नवजात’ के लिए खुशी से मर जाने का विषय है कि आपको मेरी कविताएं पसंद आयीं-क्या वाकई आयीं भैया ? मुझे इस शहर के प्रायः हर ख्यात-कुख्यात रचनाकार जानते हैं-संभवतः सबने ‘‘हिन्दुस्तान’’ देखा होगा। पर, वे कविताएं किसी (को) ‘बुरी’ तक न लगीं-अच्छी लगी होंगी, मैं कल्पना क्यों और कैसे करूं ? काश कि आप जैसे लोग ही होते-मैं आपका बहुत आभारी हूं। सचमुच, मुझे बल मिला है। मेरी कुछ कविताएं ‘तद्भव’, ‘हंस’, ‘कथन’ में भी अटकी हैं, पता नहीं वे पाठकों के सामने कब पटकी जाएंगी ? खैर, लौटें अपनी बात पर। आप साधिकार मुझे ‘लोकदायरा’ बेचने के लिए दे सकते हैं, कभी भी। मैं कोशिश करूंगा कि हर अंक की दस प्रति बेच दूं। कुछ विशेष सहयोग भी दिला दूंगा। अपना सहयोग तो खैर दूंगा ही। मैं ग्रासरुट पर होने वाले कामों में हीं तो ‘होम’ होने के लिए बना हीं हूं। दो कविताएं भी भेज रहा हूं-पसंद न आने पर पूरे अभिभावकीय उत्तरदायित्व के साथ सूचित कर देंगे-दूसरी दूंगा।

विशेष मिलने पर।
आपका अपना
हरेप्रकाश उपाध्याय

पत्र संख्या-6

लोहियानगर, कंकड़बाग, पटना: 7.7. 2003।
 
आदरणीय भैया
नमस्कार।
 
लोकदायरा-5 पढ़ गया हूं-बड़ा ही गंभीर और प्रतिबद्ध आयोजन। आपने कलेवर छोटा भले ही रखा है, पर आपका फलक बहुत बड़ा है। यह अत्यंत ही अजीब है कि इस भाषा में बड़े कलेवर में छोटे-छोटे काम करने की जहाँ परंपरा है, वहां आप इसके उलट अपने जीवट से नया और महत्वपूर्ण कर रहे हैं। जिस राज्य में पद, पुरस्कार, पैसा के लिए भोंका-भोंकी मची है, उसी राज्य से आप अपने सीमित साधन से बगैर बाजार और विज्ञापन की वैशाखी लिए, अपनी रोटी का हिस्सा खिलाकर साहित्य-संस्कृति पोसने का काम कर रहे हैं। यह मेरे जैसे लोगों के लिए प्रेरणास्पद बात है। आपके यज्ञ के निमित्त अपन का भी कुछ रक्त-स्वेद होम हो सका तो अपने को कृतार्थ समझूंगा।
शीघ्र ही रचनाएं भेजने की कोशिश करूंगा। अन्य सेवा भी बताएँ। बहुत-बहुत शुभकामनाएँ।
अपना 
हरेप्रकाश उपाध्याय

Wednesday, August 11, 2010

पत्र संख्या-5

भिलाई, 27. 11. 2000।

प्रिय भाई राजू,

तुम्हारा पत्र और मुकुल जी के कविता संग्रह की समीक्षा मिली। मैंने अभी-अभी मुकुल जी का संग्रह दुबारा पढ़ा है और तुमसे ठीक पहले उन्हें पत्र भी लिख चुका हूं। ऐसे में तुरन्त तुम्हारी समीक्षा से गुजरना एक सुखद अनुभव से दो चार होना है। तुम्हारी समीक्षा बहुत सारे पेशेवर और धंधई समीक्षकों और आलोचकों से बहुत अच्छी लगी। भाषा भी धारदार, रचनात्मक और वैचारिक उष्मा से भरी हुई है। कोई विश्वास नहीं करेगा कि यह समीक्षा एक इतिहास के ईमानदार विद्यार्थी ने लिखी है। मुकुल जी की कविता की ताकत, सीमाओं और अंतर्विरोधों को तुमने ठीक ही पहचाना है। शहर विरोध वाला प्रसंग कुछ ज्यादा लंबा हो गया है पर अंतर्विरोध की ओर ईमानदारी से ध्यान दिलाकर तुमने अच्छा ही किया है। बाजार, सामाजिक संघर्ष आदि के परिप्रेक्ष्य में उनकी कविताओं की व्याख्या बिल्कुल सटीक है पर पता नहीं क्यों मुकुल जी की प्रकृति और अमूर्त मानवीय प्रवृत्तियों से सम्बन्धित अत्यंत ही मूर्त और बिम्बधर्मी कविताएं कैसे तुम्हारी पकड़ से छूट गयी और तुमने उस पर बिल्कुल नहीं लिखा, हालांकि एक जगह तुमने इस ओर ध्यान अवश्य दिलाया है। मेरा मानना है कि मुकुल जी का कवि मन प्राकृतिक दृश्यों के बीच ही ज्यादा रमता है और वहीं उनकी कविता की रंगत ज्यादा खिलती है। प्रकृति का आकर्षण उन्हें इस कदर खींचता है कि उस पल में वे जगत की असुंदरताओं और विडंबनाओं को प्रायः भूल ही जाते हैं। मुझे लगता है कि जिस तरह वे शहरों से भागकर गांव और कस्बों की ओर जाते हैं, उसी तरह जीवन की कुरूपताओं से उबकर वे प्रकृति के सौंदर्य और रोमान के पनाह लेते हैं। रोमान अगर यथार्थ के साथ घुल मिल जाये तो वह कविता की बहुत बड़ी ताकत बन जाता है। इस संगह में कवि का व्यक्तित्व यथार्थ और प्रकृति प्रेम तथा रोमान के बीच विभाजित दिखायी पड़ रहा है। एक की क्षतिपूर्ति वह दूसरे से करता हुआ दिखायी पड़ता है। ‘पहाड़’ और ‘बारिश’ जैसी कुछ कविताओं में ये दोनों व्यक्तित्व एक दूसरे से घुल-मिल गये हैं, अतः वहां कविता का सौंदर्य कुछ और है। मुकुल जी को पढ़ते हुए हिन्दी कवियों में शमशेर ही मुझे बहुत याद आये। इस संग्रह की कुछ सीमाएं तो हैं पर उससे उबरने के रास्ते भी मुझे इसी में दिखायी पड़ रहे हैं। अतः यह संग्रह स्वागत योग्य है।

इधर डेढ़ दो महीनों में कई महत्वपूर्ण संग्रह पढ़े। उन सभी संग्रहों से कहीं ज्यादा अच्छी और सुन्दर कविताएं मुझे इस संग्रह में पढ़ने को मिलीं। इन कविताओं पर लिखना इन पर अहसान करना नहीं है, बल्कि अपने आलोचनात्मक कर्म की चुनौतियों को स्वीकार करना ही है। अतः इस संग्रह पर लिखने के तुम्हारे सुझाव को मैं सिफारिश के रूप में बिल्कुल नहीं ले रहा। इस पर लिखने की खुद मेरी हार्दिक इच्छा है। लेकिन खुद की रचनात्मक स्थिति और कुछ कामों का उलझाव अभी फिलहाल मुझे इसकी इजाजत नहीं दे रहा है। किसी भी कवि को पढ़ना उसे अपने व्यक्तित्व का हिस्सा बना लेना है। मुकुल जी की ये कविताएं भी मेरे रचनात्मक व्यक्तित्व का एक हिस्सा बन गयी है। यह सही है कि इस संग्रह पर लिखे जाने का उचित अवसर यही है। लेकिन अपने कुछ कामों के साथ अभी इस कार्य का सामंजस्य मैं नहीं बैठा पा रहा हूं। यह मेरी पीड़ा भी है और विवशता भी। लेकिन इन कविताओं का ऋण मेरे ऊपर है और मुकुल जी को कहना कि उनका ऋणी हूं। ऋण चुकाऊंगा जरूर, लेकिन कब अभी इसका वादा नहीं करूंगा।

तुम्हारी समीक्षा अच्छी है। यह ‘विकल्प’ या ‘बहुमत’ दोनों में से कहीं अवश्य छप जायेगी। ‘विकल्प’ के नक्सलबाड़ी का दूसरा अंक कंपोज हो चुका है। तीसरा अंक आने में संभवतः कुछ देर लगे। अतः ‘बहुमत’ के किसी अच्छे अंक में इसे प्रकाशित किये जाने का प्रयास करूंगा। 

शेष कुशल है। तुम्हारा पत्र पाकर बहुत अच्छा लगा। समय पर पत्र न लिख पाना मेरी बहुत बड़ी कमजोरी है पर तुमलोगों की याद हमेशा बनी रहती है। मुकुल जी को मेरी ओर से बधाई देना। गर्मी की छुट्टियों में तुमलोगों से न मिल पाने का गहरा मलाल है। घर की परिस्थितियां उस समय बहुत ही विषम थीं और मैं अत्यधिक तनावग्रस्त था। अतः चाहते हुए भी नहीं आ पाया। मित्रों से कहना वे मुझे माफ करेंगे। 

तुम्हारा 
सियाराम शर्मा 
शासकीय महाविद्यालय उत्तई, दुर्ग, छत्तीसगढ़।

Tuesday, August 10, 2010

पत्र संख्या-4


भिलाई, 3. 4. 98।

प्रिय भाई राजू,
‘विकल्प’ के प्रवेशांक की तैयारी का कार्य अब अंतिम चरण में है। ‘ल्योतार’ वाले लेख के अनुवाद का कार्य पूरा कर चुके होगे, ऐसी आशा करता हूँ। कृपया उसे शीघ्र भेजने का कष्ट करो।

‘विकल्प’ का तीसरा अंक तुम्हें प्राप्त हो चुका होगा। नहीं मिला होगा तो शीघ्र ही मिल जायेगा। तुम्हारी समीक्षा प्रकाशित हो गयी है।

आलोकधन्वा अभी पटना में हैं कि नहीं इसकी सूचना देना।
शेष सब कुशल है। आशा है सपरिवार स्वस्थ और प्रसन्न होगे।
मंगलकामनाओं के साथ
तुम्हारा
सियाराम शर्मा
शासकीय महाविद्यालय उतई
जिला-दुर्ग (म. प्र.)
पिन-491107

Monday, August 9, 2010

पत्र संख्या-3

आमगोला, मुजफ्फरपुर, 22.1.92.                                                                                               
भाई राजू जी,

आपका पत्र मिला। आभारी हूँ। पत्र का उत्तर विलंब से दे पा रहा हूँ। कारण, अपनी व्यस्तता, काम, दैनिक पत्र, व घरेलू झंझटें! आपके लिए एक प्रति अपनी पुस्तक की पटना जाकर पारिजात में पं. जी को दे दूँगा। उनसे मिलकर आप वसूल लीजिएगा। इधर दो-बार पटना आया, पर 1 ही दिन हेतु। बड़ी ही व्यस्तता रही।

हाँ, दैनिक हिन्दुस्तान में आपके स्तंभ हेतु हर प्रकार से मदद को तैयार हूँ। आप चाहें तो यहीं आकर साक्षात्कार ले लें, या चाहें तो पत्र द्वारा प्रश्नादि भेज दें। मैं लिखकर भेज दूँगा पत्र द्वारा ही सुविधा भी रहेगी। फुर्सत से लिख पा सकूँगा।

हाँ, इधर आएँ तो जरूर आईएगा।
विशेष शुभ
आपका                                                                                                         
चन्द्रमोहन प्रधान                                                                                                          
22.1.92

Sunday, August 8, 2010

पत्र संख्या-2

सहरसा, 6.12.90।
रंजन जी,                                                                                      

आपका पत्र मिला। बहुत-बहुत धन्यवाद।                                                                                    

दरअसल इतिहास का वो कड़ुवा सच आज के आधुनिक समाज की नियति बन चुका है। मैं ये मानता हूं कि उनकी (मिश्र जी की) कविता में जो मुसलमान सोचता है वो दरअसल यथार्थ जीवन में हिंदू की मनोदशा है। लेकिन ये तो मिश्र जी के सोचने का ढंग था। इतिहास के इस कड़वे सच के बारे में सोचने का हर किसी का अपना अलग ढंग हो सकता है और जरूरी नहीं है कि हर कोई इसे कड़वे सच के रूप में ही स्वीकार करे।

आपने अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त कर अपने सोचने का ढंग दर्शाया, जो कि सचमुच सराहनीय था। सच कहूं, तो मुझमें इतनी तेज-तर्रार प्रतिक्रिया व्यक्त करने की क्षमता नहीं है।

आपने तो अपने बारे में कुछ बताया ही नहीं। आशा है, मेरे पत्रों के जवाब उन्हीं शब्दों में मिलते रहेंगे।                        

धन्यवाद                                                                                  
गौतम राजरिशी                                                                                   
द्वारा-डा. रामेश्वर झा                                                                                      
पूरब बाजार,                                                                                   
सहरसा 852201.